Uncategorized
रिहायशी इलाकों में हाथियों की आमदरफ्त हाथियों की संख्या हुई 123 डेस्क न्यूज़-धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र अंतर्गत हाथियों की आमदरफ्त लगातार जारी है। जिसके कारण वर्तमान समय में हाथियों की तादाद एक बार फिर से बढ़ गई है। हाल ही में सरगुजा क्षेत्र से 13 हाथियों के एक बड़े दल की आमदगी धरमजयगढ़ फारेस्ट डिवीजन के बोरो रेंज अंतर्गत कंचीरा इलाके में हुई है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक इस समूह को मिलाकर फिलहाल वन मंडल क्षेत्र में हाथियों की कुल संख्या 123 हो गई है। इतनी बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी से क्षेत्र में फसल व अन्य नुकसान के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। यह स्थिति ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। छाल रेंज के पुसल्दा इलाके में हाथियों का बड़ा दल रिहायशी इलाके में पहुंच गया। ग्रामीणों के अनुसार दर्जनों की संख्या में पहुंचे इन हाथियों ने मकान व फसलों को नुकसान पहुंचाया है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात हाथियों का एक बड़ा समूह गांव के पास आ धमका। जिसके बाद हाथियों ने पूर्व सरपंच दिगम्बर राठिया के मकान के बाहर बने बरामदे को तोड़ने के साथ वहां रखे धान फसल व उनके खेत में काट कर इकट्ठा किये धान के फसल को भी नुकसान पहुचाया है। बता दें कि वर्तमान स्थिति में सिर्फ छाल रेंज में 67 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इसके अलावा बोरो वन परिक्षेत्र अंतर्गत भी 39 हाथी विचरण कर रहे हैं। इधर, सुरक्षा को लेकर वन विभाग की ओर से तमाम कवायद की जा रही है।
हाथियों ने विभाग द्वारा रोपित हजारों पौधों को पहुंचाया नुकसान क्षेत्र में कुल 123 हाथी कर रहे विचरण धरमजयगढ़। जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल अंतर्गत वर्तमान समय में कुल 123 हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। इतनी बड़ी तादाद में हाथियों के विचरण करने से प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ समय से क्षेत्र में हाथियों से होने वाले नुकसान की खबरें लगातार आ रही हैं। हाल ही में छाल रेंज में हाथियों के बड़े समूह के द्वारा मकान व फसलों को नुकसान पहुंचाया था। वहीं एक स्थिति ऐसी भी आ गई थी जिसमें सुरक्षा के लिहाज से एक दंपति को उनके घर से अलग जगह पर शिफ्ट करना पड़ गया था। अब धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के गेरसा क्षेत्र में हाथियों के एक दल के कारण वन विभाग द्वारा रोपित करीब 6 हजार से अधिक पौधों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा कुछ किसानों की फसलों की भी क्षति हुई है। इस इलाके में 9 हाथियों का एक ग्रुप पिछले कुछ समय से वहीं डटा हुआ है। इस संबंध में विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 419 आरएफ के 90 हेक्टेयर क्षेत्र में रोपे गए पौधों व फेंसिंग को हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है। इस संबंध में क्षेत्र के वन रक्षक ने बताया कि लगभग 6 से 7 हजार पौधों के नुकसान का अनुमान है। उन्होंने बताया कि कुल क्षति का आंकलन किया जा रहा है। बता दें कि वर्तमान स्थिति में छाल रेंज के एडु क्षेत्र में 67, बोरो वन परिक्षेत्र के जमरगी डी इलाके में 26, कापू रेंज के पुसउडेरा परिसर में 13 व धरमजयगढ़ रेंज के गेरसा क्षेत्र में 9 हाथियों का बड़ा समूह विचरण कर रहा है। वहीं, वन विभाग द्वारा प्रभावित इलाकों में लगातार सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
Related Articles
Check Also
Close






